भूस्खलन से छह लोगों की मौत

सोमवार, 28 जुलाई 2014 (00:58 IST)
WD
प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश के चलते कुमाऊं मंडल के जनपद पिथौरागढ़ के पांगला में भूस्खलन से छह लोगों की मौत हो गई है तथा तीन लोग गंम्भीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों का आईटीबीपी के बेस कैंप में उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने घटना पर नजर रखते हुए जिले के डीएम और एसपी को मौके पर जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर हैलीकाप्टर सेवा भेजने के निर्देश भी दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुंजी गांव के नौ लोग मैक्स वाहन में सवार होकर किसी बैठक में भाग लेने पांगला जा रहे थे। जैसे ही वाहन पांगला के नजदीक पहुंचा वह पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन की चपेट में आ गया। वाहन पूरी तरह मलबे में समा गया। मौके पर पहुंचे आईटीबीपी और स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव व राहत कार्य शुरू किया।

आईटीबीपी के रेस्क्यू टीम ने नौ लोगों को मलबे से बाहर निकाला। जिसमें छह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन गंभीर घायलों को आईटीबीपी के बेस कैंप में इलाज के भेजा गया, जहां उनका ईलाज चल रहा है।

वहीं गढ़वाल मंडल में भी भारी बारिश के चलते नदी नालों में आए उफान के चलते सड़क मार्गों के बह जाने व भूस्खलन से तबाह होने की खबर है। चारधाम यात्रा मार्ग बंद हो चुके हैं, जिसके चलते केदारनाथ यात्रा को अब 28 जुलाई तक के लिए रोक दिया गया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें