होमगार्ड भर्ती परीक्षा में बड़ा हादसा, दौड़ खत्म होने से 30 सेकंड पहले गिरा, मौत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 29 मई 2025 (15:23 IST)
Odisha news in hindi : ओडिशा के गजपति जिले में होमगार्ड पद के लिए आयोजित शारीरिक परीक्षण के दौरान गुरुवार सुबह एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य प्रतिभागियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना जिला मुख्यालय परलाखेमुंडी के पास रानीपेंथ और पद्मापुर के बीच आयोजित 2 किलोमीटर की दौड़ के दौरान हुई। वहीं, शारीरिक परीक्षण के दौरान बीमार पड़े सात अन्य उम्मीदवारों का इलाज जारी है।
 
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गजपति जिले के परीसाल गांव के निवासी सुलंत मिशाल के रूप में की गई है। मिशाल दौड़ समाप्त होने से मात्र 30 सेकंड पहले अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
 
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।
 
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'गजपति में होमगार्ड पदों के लिए भर्ती की खातिर शारीरिक परीक्षण के दौरान सुलंत मिशाल की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।'
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी