बिहार में 6 लड़कियों ने खाया जहर, 3 की मौत, 3 की हालत गंभीर

Webdunia
शनिवार, 9 अप्रैल 2022 (01:26 IST)
बिहार के औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 6 लड़कियों ने एकसाथ जहर खा लिया, जिससे 3 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि 3 लड़कियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खबरों के अनुसार, औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के चिरैला गांव में शुक्रवार की देर शाम जहरीला पदार्थ खाने से 3 बच्चियों की मौत हो गई। इनके अलावा 3 अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर है। खबरों के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के विवाद के बाद यह घटना घटी है।

मृतकों में 2 लड़कियों की उम्र 14 साल, जबकि एक की उम्र 15 साल है। तीनों अलग-अलग परिवार की हैं। इस घटना में 12 वर्ष, 13 वर्ष और 15 वर्ष की 3 लड़कियां गंभीर रूप से बीमार हैं। इनमें एक मरने वाली लड़की की सगी बहन है।

सभी सहेलियां गांव से बाहर तालाब की तरफ गई थीं। बाद में खेत में ही सभी ने जहर खा लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने लगी तो लोगों को इसकी भनक लगी। हालांकि लड़कियों ने एकसाथ जहर क्यों खाया, इसका कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख