दिल्ली की अदिति आर्य बनीं मिस इंडिया

रविवार, 29 मार्च 2015 (10:04 IST)
मुंबई। दिल्ली की सुंदरी अदिति आर्य ने यहां यशराज स्टूडियो में एक रंगारंग समारोह में ‘एफबीबी  फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2015’ का खिताब जीता।
शनिवार शाम आयोजित इस कार्यक्रम के ‘ग्रैंड फिनाले’ में अफरीन राचेयल वाज पहली उपविजेता  जबकि वर्तिका सिंह दूसरी उपविजेता रहीं।

अदिति ‘मिस वर्ल्ड’ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी जबकि अफरीन तथा वर्तिका  विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी।

इस कार्यक्रम में जॉन अब्राहम, मनीषा कोईराला, सोनू निगम, अनिल कपूर, फिरोज नाडियावाला, अबू  जानी और संदीप खोसला, शिल्पा शेट्टी, सोनाली बेंद्रे, शामक डावर और चित्रांगदा सिंह जैसी हस्तियों  ने जज की भूमिका निभाई।

जॉन अब्राहम ने कहा कि हमने व्यक्तित्व का चुनाव किया। रूप-रंग नहीं बल्कि चरित्र पर ध्यान  दिया, क्योंकि मिस इंडिया मिस वर्ल्ड में हमारे देश का प्रतिनिधित्व करती है। यह रूप-रंग से ज्यादा  व्यक्तित्व से जुड़ा मामला है। रेड कार्पेट पर रॉकी एस, नसीरुद्दीन शाह और परेश रावल जैसे कलाकार  नजर आए।

इस शो की मेजबानी मनीष पॉल और नेहा धूपिया ने की। इस समारोह के दौरान करीना कपूर,  जैकलीन फर्नांडीज, शाहिद कपूर, कनिका कपूर, मीट ब्रदर्स ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। (भाषा) 
 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें