अखिलेश यादव बोले- वोट लिया है तो किसानों की बात भी सुने BJP

रविवार, 6 दिसंबर 2020 (21:00 IST)
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के शासन में आम नागरिकों के अधिकार छीने जाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि भाजपा ने गरीब किसानों का वोट लिया है तो नए कृषि कानूनों को लेकर उनकी बात भी सुने।

अखिलेश ने डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर सपा राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अम्बेडकर का रास्ता कठिनाइयों से भरा था फिर भी उन्होंने गरीब और दलित को सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि संविधान में सबको वोट का अधिकार दिया, जिससे जिनको अछूत माना जाता था उन्हें भी बराबरी और सुरक्षा की गारंटी मिली।

उन्होंने कहा कि 'आज जो माहौल है उसमें नागरिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं। अन्नदाता के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ठंड के दिनों में भी किसान दिल्ली सीमा पर जमे हैं। गरीबों-किसानों का भाजपा ने वोट लिया है तो वह उनकी बात भी सुने। लेकिन विडम्बना है कि भाजपा तो उद्योगपतियों को ही मौका देना चाहती है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा 'आज मुद्दों पर चुनाव नहीं हो रहे हैं। भाजपा की राजनीति से दलितों, पिछड़ों को आगे आने का मौका नहीं मिलेगा। नौकरी और पढ़ाई में भी बाधा आएगी। आज इस बात की आवश्यकता है कि सब मिलकर डॉक्टर अम्बेडकर का रास्ता अपनायें। उनके द्वारा संविधान में अंकित लोकतंत्र, समाजवाद और पंथ निरपेक्षता को जब हम अपनाकर चलेंगे तभी हमारा सम्मान एवं हमारे अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

किसान यात्रा में होंगे शामिल : कृषि कानून के विरोध में 8 दिसम्बर को भारत बंद के किसानों के फैसले का समर्थन करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार से शुरू होने वाली पार्टी की ‘किसान यात्रा’ में शामिल होने का ऐलान किया है।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाओं और खेती-किसानी बचाओं' की मांग को लेकर सपा सात दिसम्बर से सूबे के सभी जिलों में किसान यात्राओं का आयोजन कर रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं कन्नौज जिले में इस किसान यात्रा में शामिल होंगे।

यात्रा में हर जिले के कोने-कोने से साइकिल सवार नौजवान किसान विरोधी सरकार के खिलाफ निकलेंगे और जनता को भाजपा की कुनीतियों के बारे में जानकारी देंगे।  यादव कन्नौज की ठठिया मंडी से तिर्वा के किसान बाजार तक 13 किमी की यात्रा ट्रैक्टर से करेंगे।

उन्होने बताया कि ठठिया में 60 एकड़ में आलू की मंडी समाजवादी सरकार के समय में बनाई थी जिसे भाजपा सरकार ने रोक दिया। यादव का किसान यात्रा में शामिल होना इस बात का द्योतक है कि समाजवादी पार्टी किसानों के संघर्ष में उनके साथ है और वह किसानों की मांगों का समर्थन पूरे जोरशोर से करती है।

यादव ने कहा कि भाजपा राज में किसान सबसे ज्यादा अन्याय का शिकार हुआ है। भाजपा मंडिया बेच रही है, किसानों को धान-मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है। कीटनाशक, खाद के दाम बढ़ गए हैं। किसानों से झूठे वादे किए गए हैं।

अपनी मांगों को लेकर बैठे किसानों के प्रति भाजपा सरकार संवेदनशून्य रवैया दिखा रही है। किसान को लागत का ड्योढ़ा मूल्य देने और उसकी आय 2022 तक दुगनी करने के भी वादे किए गए थे लेकिन दूर-दूर तक वे पूरे होते नहीं दिखते हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने साजिशन जो 3 कृषि विधेयक पास किया है उससे खेती पर किसान का स्वामित्व खतरे में पड़ जाएगा। उन्हें कॉरपोरेट खेती के लिए मजबूर किया जाएगा। भाजपा सरकार ने इसी लिए कृषि विधेयक में जान-बूझकर न्यूनतम समर्थन मूल्य और मंडियों की व्यवस्था का कोई प्रावधान नहीं रखा है। बड़े व्यापारी अब अपनी शर्तों पर किसान की फसल खरीदेंगे।

यादव ने कहा कि 8 दिसम्बर को किसानों के भारत बंद को समाजवादी पार्टी का पूरा समर्थन है। समाजवादी पार्टी किसानों के साथ है और उनके संघर्ष के प्रति उसकी पूरी प्रतिबद्धता है। किसानों के साथ लूट हो गई है। उनका धान नहीं खरीदा गया। मक्का नहीं खरीदा गया। मंहगाई लगातार बढ़ रही है। दुगनी आय और लागत से ड्योढ़ा कीमत देने की बात कर किसान को धोखा दिया गया है। अब उसकी जमीन छीनने की तैयारी है। पैदावार की लूट बचाने के लिए मंडिया होनी चाहिए। डॉ. स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी ने किसानों के हित में जो व्यवस्थाएं की थी, भाजपा सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया।

उन्होने शिक्षक और स्नातक चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि अगर ईमानदारी से चुनाव हुआ होता तो समाजवादी पार्टी और सीटें जीतती। पूरा प्रशासन और पुलिस भाजपा को जिताने में लगी थी। भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए हजारों वोट रद्द किए गए। भाजपा चुनाव में धांधली करती है। बैलेट ने इवीएम को वाराणसी में हरा दिया। (भाषा/वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी