कश्मीर में फिर भाजपा नेता पर हमला, एक माह में भाजपा नेताओं पर तीसरा हमला

सुरेश एस डुग्गर

रविवार, 9 अगस्त 2020 (15:53 IST)
जम्मू। बडगाम भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल हमीद नजार को आतंकवादियों ने गोली मार दी है, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस के बडगाम एसएसपी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने बडगाम में अब्दुल हमीद नाजर पर गोली चलाई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा इलाके में आतंकियों ने रविवार सुबह भाजपा कार्यकर्ता अब्दुल हमीद को गोली मार दी।

आतंकियों ने अब्दुल हमीद के घर में घुसकर उन्हें गोली मारी और वहां से फरार हो गए। अब्दुल हमीद को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश तेज कर दी है।

अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाए जाने की पहली वर्षगांठ से एक दिन पहले चार अगस्त को आतंकियों ने कुलगाम के मीर बाजार में भाजपा सरपंच आरिफ अहमद को गोली मार दी थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इसके पहले जम्मू कश्मीर के बांडीपोरा में भाजपा के कार्यकर्ता वसीम बारी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जिसमें वसीम के अलावा उनके पिता बशीर अहमद और उनके भाई उमर बशीर पर भी गोलियां चलाई गयी थीं। इन तीनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज शुरू होने से पहले इन तीनों लोगों की मौत हो गई थी।
अब्दुल हमीद नाजर पर आतंकवादी हमले के बाद रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा कि आतंकी कश्मीर में तिरंगे लहराए जाने से बौखला गए हैं। कश्मीर के लोग शांति चाहते हैं। ऐसे हमले आतंकवादियों की हताशा का सबूत हैं।

रविन्द्र रैना ने कहा है कि कश्मीर में भाजपा के बढ़ते जनाधार से हताश आतंकी कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं। हालात खराब करने के उनके मंसूबों को पार्टी कार्यकर्ता कभी कामयाब नही होने देंगे। आतंकियों को मार गिराया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी