UP में पुलिस वालों पर हमला मामले में 13 नामजद आरोपियों में से 4 गिरफ्तार

अवनीश कुमार

रविवार, 21 मार्च 2021 (12:41 IST)
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में थाना रसूलाबाद के अंतर्गत पति पत्नी के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने गए पुलिसकर्मियों पर हुए हमला मामले में पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों में से 4 को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हुए हमले में चौकी इंचार्ज और एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए थे।

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में थाना रसूलाबाद के अंतर्गत पति पत्नी के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने गए पुलिसकर्मियों पर परिजनों ने हमला कर दिया था और जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते तब तक हमले की चपेट में एक चौकी इंचार्ज व एक हेड कांस्टेबल आ गए थे।

कानपुर देहात थाना रसूलाबाद क्षेत्र घटित घटना के सम्बन्ध में एडीजी जोन कानपुर भानु भास्कर ने बताया कि अभी तक की जानकारी में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि एक महिला को उसका पति व उसके परिजन परेशान कर रहे थे, जिसकी सूचना पर पुलिस की टीम महिला की मदद करने के लिए आई थी।

इस दौरान पीड़ित महिला के पति के परिवार के सदस्य एकाएक हिंसक हो गए और चौकी इंचार्ज सहित पुलिसकर्मियों पर पीछे से हमला कर दिया।जिसमें पुलिस के 2 लोग जख्मी हो गए हैं। जिनका इलाज कानपुर के रीजेंसी हॉस्पिटल में चल रहा है।

पूरी घटना में शामिल लोगों को चिन्हित कर लिया गया है।उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।अभी तक पूरी घटना में शामिल 13 लोगों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 4 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है अन्य सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि एक सरकारी पिस्टल भी गायब है।हमारी जो भी चीज गायब हुई है। उनको भी प्राप्त कर लिया जाएगा।जो भी इस पूरी घटना में शामिल लोग होंगे उनको बख्शा नही जाएगा कड़ी कार्यवाही होगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी