बेगम अख्तर की याद में पुरस्कार

बुधवार, 28 जनवरी 2015 (23:56 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मशहूर गजल गायिका बेगम अख्तर की याद में दादरा, ठुमरी और गजल के लिए ‘पुरस्कार’ देने का फैसला किया है। पुरस्कार स्वरूप पांच लाख रुपए नकद प्रदान किए जाएंगे।
 
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में आज हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद एक प्रवक्ता ने बताया, ‘मशहूर गजल गायिका बेगम अख्तर के जन्म के सौ वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उनके नाम से ‘बेगम अख्तर पुरस्कार’ देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।’ 
 
उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार हर वर्ष प्रदेश के ऐसे योग्य गायक या गायिका को दिया जाएगा जिसने दादरा, ठुमरी और गजल के क्षेत्र में व्यक्तिगत प्रयासों से उत्कृष्ट आयाम स्थापित किए हों।
 
प्रवक्ता के मुताबिक पुरस्कार स्वरूप 5 लाख रुपए नकद, अंगवस्त्र और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
 
बेगम अख्तर का असल नाम अख्तरीबाई फैजाबादी था। वह उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले में 1914 में पैदा हुई थीं। अपनी गायकी के दम पर वह ‘मल्लिका-ए-गजल’ कही जाने लगी थीं। बेगम अख्तर ने हिन्दी फिल्मों में भी गायकी की। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें