धर्मशाला की छत गिरी, 24 श्रद्धालु घायल

मंगलवार, 13 सितम्बर 2016 (18:27 IST)
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड में मंगलवार सुबह एक धर्मशाला की छत के गिरने से 24 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। 
          
पुलिस अधीक्षक जीतेन्द्र राणा ने यहां बताया कि अरेराज के सोमेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आसपास के लोग आए थे जो मंदिर परिसर स्थित पुरानी धर्मशाला में ठहरे हुए थे।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात से हो रही तेज वर्षा के कारण धर्मशाला के एक हिस्से की छत अचानक ढह गई। छत के ऊपर बने कमरे में ठहरे मधुबन थाना क्षेत्र के जोगबलिया गांव के 24 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।  
        
राणा ने बताया कि घायलों में अधिकांश महिलाएं हैं। घायलों को तत्काल अरेराज के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल तीनों को मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नुरुल हक और अनुमंडलाधिकारी को भेजा गया है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें