गरोठ उपचुनाव में भाजपा की जीत

मंगलवार, 30 जून 2015 (11:12 IST)
भोपाल।  मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार चंदर सिंह सिसोदिया विजयी रहे। भाजपा ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा, हालांकि उसकी जीत का अंतर वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कम रहा।
 
वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने गरोठ विधानसभा उप चुनाव के परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के चंदर सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस के सुभाष कुमार सोजतिया को 12,945 मतों से पराजित किया।
 
उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को 81,449 मत हासिल हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 68,504 मत प्राप्त हुए। भाजपा ने वर्ष 2013 के चुनाव में इस सीट से 25,755 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
 
यहां उप चुनाव भाजपा के विधायक राजेश यादव का बीमारी के चलते निधन होने से कराया गया। अधिकारी ने बताया कि उप चुनाव में कुल 1,55,934 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया जबकि वर्ष 2013 में कुल 1,63,892 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। 
उप चुनाव में 1924 मतदाताओं ने नोटा बटन दबाकर किसी भी उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं दिया।
 
उप चुनाव में कुल आठ उम्मीदवार मैदान में थे लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के चंदर सिंह सिसोदिया और कांग्रेस के सुभाष सोजतिया के बीच था।
 
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के के मिश्रा ने चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत का अंतर कम हुआ है इसलिये प्रदेश में सत्ताधारी दल भाजपा की यह नैतिक पराजय है।
 
उन्होंने उपचुनाव में भाजपा पर सरकारी मशीनरी का बड़े पैमाने पर दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह भाजपा की जीत नहीं बल्कि बेईमानी की जीत है।
 
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक विश्वास सारंग ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीतियों और योजनाओं को देते हुए कहा कि लोगों ने एक बार पुन: उनके शासन पर विश्वास जताया है। सारंग ने उपचुनाव में जीत के अंतर को सुविधाजनक और पर्याप्त बताया।
 
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख डॉ हितेष वाजपेयी ने उप चुनाव में पार्टी की जीत को मुख्यमंत्री चौहान, उनकी सरकार और भाजपा की नीतियों की विजय बताया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें