महिला से हाथापाई, कैब चालक गिरफ्तार

गुरुवार, 22 दिसंबर 2016 (17:14 IST)
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात 32 वर्षीय महिला के साथ दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में कथित तौर पर हाथापाई करने के मामले में गुरुवार सुबह उबर के एक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
 
पुलिस ने बताया कि महिला ने बुधवार शाम 5 बजे के आसपास हवाई अड्डे से पालम जाने के लिए कैब बुक की लेकिन 36 वर्षीय चालक राजीव देर से पहुंचा। इसके बाद महिला से उसकी बहस हो गई।
 
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एरोसिटी मार्ग से जाने की बजाय चालक ने महिपालपुर मार्ग पर वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया। महिला ने जब इस बात का विरोध किया तो वह नाराज हो गया और उस पर एक हैंडबैग फेंक दिया एवं गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
 
उन्होंने बताया कि इसके बाद चालक ने दिल्ली कैंट के पास महिला से कथित तौर पर कार से उतरने के लिए कहा। पीड़िता ने तत्काल निकटवर्ती थाने में जाकर इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत के आधार पर भादंसं की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने गुरुवार सुबह राजीव को गिरफ्तार कर लिया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें