पाक ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन, राजौरी में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी

मंगलवार, 18 अक्टूबर 2016 (09:48 IST)
जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का उल्लंघन कर राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित सीमा चौकियों पर मोर्टार बम दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की जिसका भारतीय जवानों ने जवाब दिया।
 
एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम उल्लंघन किया।
 
प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने साढ़े आठ बजे से देर रात डेढ़ बजे तक नौशेरा में लाम बटालियन इलाके में स्थित भारतीय चौकियों पर 82 मिमी के मोर्टार बम दागे और छोटे तथा स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।
 
उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। संघर्षविराम उल्लंघन की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। कल देर रात नौशेरा सेक्टर में कुछ गोलियां भी चलाई गईं। (भाषा) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें