औरंगाबाद में सीआईएसएफ जवान ने चार साथियों की गोली मारकर हत्या की

गुरुवार, 12 जनवरी 2017 (15:25 IST)
बिहार में औरंगाबाद जिले के नरारीखुर्द थाना के नवीनगर पावर जेनरेटिंग कंपनी में गुरुवार को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान ने अपने ही चार साथियों की गोलीमार कर हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश ने यहां बताया कि नवीनगर पावर जेनरेटिंग कंपनी की सुरक्षा के लिए तैनात बल के जवान बलवीर सिंह ने गोलीबारी की जिसमें बल के जवान बच्चा शर्मा और एएन गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि जीएस राम तथा अरविंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दोनों जवानों की अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई।
 
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जवान बलवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया में यह लगता है कि सिंह का अपने साथियों के साथ आंतरिक विवाद था। हालांकि उन्होंने इस संबंध में विस्तार से फिलहाल कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें