कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी

सोमवार, 22 दिसंबर 2014 (17:01 IST)
श्रीनगर। सबसे अधिक सर्दी पड़ने की 40 दिन की अवधि ‘चिल्लई कलां’ के दूसरे दिन कश्मीर घाटी में लगातार शीतलहर का प्रकोप जारी है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है, हालांकि कुछ स्थानों पर ठंड की स्थिति से मामूली राहत मिली है।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। इससे पहले के रात में यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
 
वार्षिक अमरनाथ यात्रा के दौरान आधार शिविर के तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले दक्षिण कश्मीर में मशहूर पहाड़ी स्थल पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
उत्तरी कश्मीर के मशहूर स्की रिसोर्ट गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कश्मीर में प्रवेश द्वार शहर के रूप में जाने जाने वाले काजीकुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कारगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
 
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर हल्की से लेकर भारी बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान व्यक्त किया है। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें