अश्लील हरकत के आरोपी प्राचार्य को जेल

गुरुवार, 9 जुलाई 2015 (17:50 IST)
मेरठ। कालका डेंटल कॉलेज के प्राचार्य को गुरुवार को कॉलेज की छात्राओं के साथ कथित रूप से अश्लील हरकतें करने और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बुधवार शाम इस मामले में कॉलेज के छात्रा-छात्राओं ने कॉलेज में जमकर हंगामा करते हुए आरोपी प्राचार्य की पिटाई कर दी थी।
 
थाना परतापुर पुलिस प्रभारी सुरेन्द्र नाथ ने गुरुवार को बताया कि परतापुर बायपास स्थित कालका डेंटल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली बीडीएस की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की छात्राओं ने बुधवार को शाम कॉलेज के प्राचार्य बलजीत सिंह होरा के खिलाफ एक तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि वह बीते कई महीनों से उनका मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहा है।
 
आरोप है कि प्राचार्य कॉलेज टाइम में उन्हें अपने ऑफिस में बुलाते हैं और शाम के बाद हॉस्टल में उन्हें देर रात फोन पर अश्लील बातें करने को मजबूर करते हैं। यह भी आरोप है कि प्राचार्य छात्राओं पर उनकी आपत्तिजनक और निजी तस्वीरें भेजने के लिए दबाव बनाते हैं। इसके अलावा हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे से छात्राओं की तस्वीरें निकालकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप भी प्राचार्य पर लगाया गया है।
 
थाना प्रभारी के अनुसार, छात्राओं की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ भादंवि की धारा 354 ए, सी और डी के तहत मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार को जेल भेज दिया।
 
थाना प्रभारी के अनुसार बुधवार शाम कॉलेज के छात्र-छात्राओं के हंगामे और प्राचार्य को पीटे जाने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें