दिल्ली में कांग्रेस को जीत की उम्मीद

रविवार, 23 अप्रैल 2017 (20:08 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस को उम्मीद है कि मतदाता शासन प्रशासन में उसके पुराने कामों को याद करते हुए निगम  चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दिल्ली के लोग आज कांग्रेस के बेहतर प्रशासन को अब याद करते हैं।
 
राजौरी गार्डन में निगम चुनाव के लिए बेटी आरुषि के साथ मतदान करने के बाद माकन ने उम्मीद जताई कि दिल्ली के  मतदाता कांग्रेस के पुराने ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ को याद करते हुए चुनाव में जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम  में भाजपा और दिल्ली सरकार में आम आदमी पार्टी के कुशासन से लोग बुरी तरह से परेशान हैं इसलिए निगम चुनाव में बेहतर  प्रशासन ही मुख्य मुद्दा है। कांग्रेस के शासनकाल में बेहतर प्रशासन को देखते हुए माकन ने चुनाव में पार्टी की जीत के प्रति  विश्वास व्यक्त किया।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग से जनता आजिज आ चुकी है। दोनों पार्टियां अपनी प्रशासनिक विफलता  को छुपाने के लिए आरोप प्रत्यारोप की जुबानी जंग में जनता को उलझाने की कोशिश कर रहे हैं। माकन ने कहा कि नगर  निगम को भाजपा के 10 साल के शासनकाल में बदहाली के कगार पर पहुंचाने की हकीकत जनता के संज्ञान में है।
 
उन्होंने कहा कि अब जनता को तय करना है कि उसे कांग्रेस का बेहतर प्रशासन चाहिए या आप और भाजपा की ‘तू तू मैं  मैं’ को जिताना है। इस बीच निजामुद्दीन में मतदान करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी मतदाताओं से कांग्रेस  की पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हुए विकासकार्यों को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की अपील की। दीक्षित ने निगम  चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति का भरोसा जताते हुए मतदाताओं से अपील की कि वे जब वोट देने जाएं तो दिल्ली में  कांग्रेस सरकार के कार्यों को ध्यान में रख कर वोट दें।
 
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस पाने जा रही है। दीक्षित ने कहा कि निगम चुनाव के परिणाम को दिल्ली में केजरीवाल सरकार के अब तक के प्रदर्शन पर जनता की राय मानने की बजाय इसे भाजपा के दस साल के शासन पर जनमत माना जाना चाहिए। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें