छत्तीसगढ़ : चित्रकोट विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के राजमन बेंजाम जीते

गुरुवार, 24 अक्टूबर 2019 (16:38 IST)
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित चित्रकोट विधानसभा सीट में कांग्रेस के राजमन बेंजाम ने अपने निकटतम भारतीय जनता पार्टी के लच्छुराम कश्यप को 17862 मतों से पराजित किया है।
 
ALSO READ: झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, कांतिलाल भूरिया जीते
 
जिले के निर्वाचन अधिकारियों ने आज यहां बताया कि चित्रकोट विधानसभा सीट में आज दोपहर बाद 17 चक्रों की मतगणना पूरी हो गई है। इस सीट पर कांग्रेस के बेंजाम ने भाजपा के कश्यप को 17,862 मतों से पराजित किया है। इस उप चुनाव में बेंजाम को 62,097 मत तथा कश्यप को 44,235 मत प्राप्त हुए हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आज सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई जिसमें बेंजाम ने शुरूआत में ही बढ़त बना ली थी। चित्रकोट विधानसभा सीट के लिए इस महीने की 21 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें लगभग 78.12 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
 
इस चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 69 विधायक हो गए हैं, तथा भाजपा के विधायकों की संख्या घटकर 14 ही रह गई है। राज्य में भाजपा को लगातार 2 उपचुनावों दंतेवाड़ा और चित्रकोट में हार का सामना करना पड़ा है।
 
दंतेवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक भीमा मंडावी की हत्या के बाद तथा चित्रकोट विधानसभा सीट से विधायक दीपक बैज के बस्तर लोकसभा में चुन लिए जाने के बाद इन सीटों के लिए उप चुनाव कराया गया।
 
वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में राज्य की 90 सीटों में से 68 सीटों पर कांग्रेस ने तथा 15 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। वहीं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ :जे: ने पांच सीटों पर तथा बहुजन समाज पार्टी ने 2 सीटों पर जीत हासिल की थी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी