मॉडल पर पति ने चलाई गोली

रविवार, 19 अप्रैल 2015 (07:49 IST)
नई दिल्ली। दक्षिण पूर्व दिल्ली के आश्रम क्षेत्र के हरि नगर इलाके में बीती रात एक उभरती हुई मॉडल पर उसके पति ने गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
 
पीड़ित नेहा शर्मा (21) को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया हालांकि शाम तक उसकी हालत स्थिर बताई जा रही थी।
 
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है, जो फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। नेहा इससे पहले मुंबई में रहती थी और इस दौरान वह कुछ रियलिटी शो में भी दिखी थी। पिछले चार महीने से वह अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ हरि नगर स्थित अपने घर पर रह रही थी।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'कुछ दिन पहले प्रिंस नाम का एक युवक उनके घर पर आया और उसने खुद को नेहा का पति बताया। उसने भी अपने माता पिता को बताया कि उन्होंने पांच महीने पहले एक मंदिर में शादी कर ली थी जिसका खुलासा उन्होंने अपने परिवार से नहीं किया था।'
 
अधिकारी ने बताया कि प्रिंस उसके परिवार के साथ ही रहता था और शुक्रवार की रात जब सभी सो रहे थे तब वह कथित रूप से नशे की हालत में आया और उसकी नेहा के साथ लड़ाई हुई। उसने पिस्तौल से उस पर दो गोलियां चलाई, जो उसकी पेट में लगी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें