दिल्ली में तीन वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2017 (23:46 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नाबालिग लड़के ने तीन वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। नरेला में एक गड्ढे में पीड़िता का शव दफनाते समय उसे पकड़ लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की के माता-पिता कल पास के एक निर्माण स्थान पर काम के लिए गए हुए थे और वह अपने घर के पास ही खेल रही थी, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने उसे उठा लिया।
लड़की के लापता होने पर उसके माता-पिता ने पड़ोसियों के घर उसे ढूंढा लेकिन वह नहीं मिली। अधिकारी ने बताया कि एक घंटे बाद उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, जब 16 वर्षीय आरोपी को लड़की के शव को दफनाते समय रंगेहाथों पकड़ लिया गया।
 
पीड़िता के पड़ोस में रहने वाला आरोपी उसे कथित तौर पर एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसने गला घोंटकर लड़की को मार डाला और एक गड्ढे में उसके शव को दफनाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान कुछ राहगीरों ने उसे ऐसा करते हुए पकड़ लिया।
 
अधिकारी ने बताया कि वॉटर प्रूफिंग श्रमिक के रूप में काम करने वाले आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पॉक्सो अधिनियम और भादंसं की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।  (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें