नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया, जिसकी करतूत जानकार कोई भी चौंके बिना नहीं रहेगा। दिल्ली पुलिस की टीम ने अभिषेक वशिष्ट उर्फ अभिनव शर्मा उर्फ अभिरुद्रांश नामक हाईप्रोफाइल ठग को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक जिस समय इस शख्स को गिरफ्तार किया गया था, तब यह दो महिलाओं के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शर्मा अब तक 5 युवतियों से शादी कर चुका है और यह दहेज के लाखों रुपए और गहने लेकर फरार था। यह शातिर ठग ज्यादातर तलाकशुदा महिलाओं को ही अपना शिकार बनाता था।
पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय यह ठग खुद को मीडिया हाउस का मालिक बताकर लड़कियों को ठगता था। अब तक यह 21 लड़कियों को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग मेट्रीमोनियल साइट्स पर प्रोफाइल बना रखी थी, इसके जरिए वह लड़कियों से संपर्क करता था फिर शादी की पेशकश करता और बाद में उन्हें ठग लेता था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अभिषेक मूलरूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। साल 2018 में उसने दिल्ली के बाराखंभा इलाके की एक लड़की को झांसे में लेकर उससे शादी कर ली। वह दो हफ्ते तक उसके साथ रहा और उसके बाद महिला के पैसे और गहने लेकर फरार हो गया। 2016 में उसे चंडीगढ़ में ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
ठगी से जुटाए 50 लाख : जानकारी के मुताबिक यह शख्स काफी समय से खुद को स्टार न्यूज का बड़ा अधिकारी बताकर चैनल की फ्रेंचाइजी बांटने का काम भी कर रहा था। लोगों को झांसे में लेकर इसने करीब 50 लाख रुपए इकट्ठे कर लिए थे। वर्तमान में यह व्यक्ति 21 युवतियों और महिलाओं के संपर्क में था। सभी के साथ शादी की बातचीत कर रहा था।