किसानों का प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी, आज महाराष्ट्र बंद

सोमवार, 5 जून 2017 (07:39 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों का प्रदर्शन रविवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा और सब्जियों तथा दूध की आपूर्ति काफी प्रभावित हुई। किसान संगठनों को कहना है कि वे सोमवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र बंद करने जा रहे हैं।
 
सत्तारूढ़ भाजपा की गठबंधन सहयोगी शिवसेना ने भी बंद के आह्वान को अपना समर्थन दिया है। नासिक और अहमदनगर जैसे प्रमुख उत्पाद केंद्रों से आपूर्ति में काफी कमी आने के कारण मुंबई सहित शहरों में सब्जियों और फलों के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है।
 
कृषि ऋण से छूट और कम दाम में बिजली जैसी अन्य मांगों को लेकर 1 जून से आंदोलनरत किसानों के आंदोलन का रविवार को महाराष्ट्र में चौथा दिन है। नासिक और अहमदनगर सहित महाराष्ट्र विरोध का प्रमुख केंद्र बन गया है।
 
आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान क्रांति मोर्चा (केकेएम) के तत्वावधान में राज्य के विभिन्न हिस्सों के किसान प्रतिनिधियों की रविवार दोपहर नासिक की कृषि उत्पाद बाजार समिति में एक बैठक हुई। बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए और महाराष्ट्र बंद (मुंबई सहित) का निर्णय लिया गया। बंद का आह्वान 2 दिन पहले लिया गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें