किशोरी से गैंगरेप के आरोपी गिरफ्तार

सोमवार, 26 जून 2017 (18:03 IST)
फर्रुखाबाद। उत्तरप्रदेश के फर्रुखाबाद में पुलिस लाइंस में किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले पुलिसकर्मी और उसके साथी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।  
 
पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्रा ने यहां बताया कि घटना के आरोपी पुलिस कांस्टेबल अजय  कुमार और उसके साथी उपेन्द्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 376 डी, 342 और  506 के अलावा पास्को अधिनियम की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
 
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी रविवार शाम बस द्वारा शाहजहांपुर से यहां अपने  मामा के घर आई थी। बस से उतरने पर उपेन्द्र ने किशोरी को अपनी कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठा लिया। रास्ते में उपेन्द्र का दोस्त और डॉयल 100 वैन का चालक अजय कुमार किशोरी को पुलिस लाइंस ले गया, जहां दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। दोनों के चंगुल से बच निकलने के बाद किशोरी ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। 
 
पुलिस की दलील थी कि किशोरी उपेन्द्र को अच्छी तरह जानती थी और वह बिना किसी दबाव के उपेन्द्र के साथ गई। हालांकि पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। उधर पीड़ित किशोरी के परिजनों ने भी शाहजहांपुर में अपहरण और बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें