उत्तराखंड में चीन सीमा पर टूटा ग्लेशियर, अलर्ट जारी

Webdunia
शनिवार, 24 अप्रैल 2021 (08:31 IST)
देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले से लगे भारत-चीन (तिब्बत) सीमा क्षेत्र पर नीती घाटी स्थित सुमना में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कैंप के समीप शुक्रवार को ग्लेशियर टूटकर गिर गया। राज्य सरकार ने अलर्टजारी किया है। मुख्यमंत्री तीरथसिंह रावत ने ट्वीट करके इसकी पुष्टि की है। बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने भी इस हादसे की पुष्टि की है।

ALSO READ: ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा पर बनी झील की गहराई मापने में मिली कामयाबी
 
सूत्रों के अनुसार बुधवार से लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के बीच शुक्रवार को एक ग्लेशियर टूटा और उसका मलबा मलारी-सुमना सड़क पर आ गिरा। सिंह ने देर रात ट्वीट करके कहा कि नीती घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली है। इस संबंध में मैंने अलर्ट जारी कर दिया है। मैं जिला प्रशासन और बीआरओ से लगातार संपर्क में हूं। जिला प्रशासन को मामले की पूरी जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दे दिए हैं। एनटीपीसी और अन्य परियोजनाओं में रात के समय काम रोकने के आदेश दे दिए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

ALSO READ: दोगुनी तेजी से पिघल रही है हिमालय के ग्लेशियरों में जमी बर्फ
 
सूत्रों ने बताया कि बीआरओ कमांडर कर्नल कपिल ने कहा कि मजदूरों को कोई नुकसान हुआ कि नहीं, इसके बारे जानकारी जुटाई जा रही है। बताया गया है कि यहां बीआरओ के मजदूर सड़क निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। अत्यधिक बर्फबारी होने से सीमा क्षेत्र में वायरलेस भी काम नहीं कर रहे हैं। पिछले 3 दिनों से नीती घाटी में अत्यधिक बर्फबारी हो रही है। मलारी से आगे जोशीमठ-मलारी हाईवे भी बर्फ से ढंक गया है जिससे सेना और आईटीबीपी के वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो गई है। (वार्ता)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख