Gurmeet Ram Rahim : खत्म हुई राम रहीम की पैरोल, डेरा सच्चा सौदा आश्रम पहुंच साथ ले गई हरियाणा पुलिस

हिमा अग्रवाल

सोमवार, 18 जुलाई 2022 (21:38 IST)
बागपत। गुरमीत राम रहीम इंसा की पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद रोहतक पुलिस बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर आश्रम के अंदर राम रहीम के बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद थे। पुलिस ने अनुयायियों को हटाते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच गुरमीत को गाड़ी में बैठाया और अपने साथ रोहतक ले गई, जहां से उनको फिर से सुनारिया जेल भेजा जाएगा।

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम दुष्कर्म और हत्या मामले में आरोप सिद्ध हो जाने पर सुनारिया जेल में उम्रकैद सजायाफ्ता है। 17 जून 2022 को एक महीने की पैरोल पर हरियाणा पुलिस उसे बागपत के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच छोड़ गई थी। इसके बाद उसके आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था और चुस्त-दुरुस्त कर दी गई।

लेकिन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान से डेरा प्रमुख गुरमीत के अनुयायी मिलने के लिए उमड़ पड़े, सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। इसके चलते डेरा प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया कि वह भीड़ के बीच में न जाएं और व्यवस्था बनाए रखें अन्यथा पैरोल बीच में ही समाप्त कर दी जाएगी।

गुरमीत राम रहीम की पैरोल अवधि रविवार रात 12 बजे समाप्त हो गई। इसके चलते सोमवार सुबह हरियाणा पुलिस की कई गाड़ियों का काफिला राम रहीम के बरनावा आश्रम पहुंच गया और उसको अपने साथ कड़ी सुरक्षा के साथ रोहतक की सुनारिया जेल ले गया।

बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में एक माह से रौनक थी, राम रहीम के भक्त और अनुयायी खुश थे, लेकिन राम रहीम के आश्रम से जाते ही वहां सन्नाटा पसर गया है, गुरमीत के सेवादार और अनुयायियों के चेहरे मायूस हो गए। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी