Haryana Election : लाडवा से चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 30 अगस्त 2024 (20:10 IST)
Chief Minister Nayab Singh Saini will contest from Ladwa : भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सत्तारुढ़ भाजपा द्वारा एक अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के वास्ते रविवार तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने की संभावना है।
 
बडौली से दिल्ली में जब पूछा गया कि मुख्यमंत्री कहां से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री साहब लाडवा से चुनाव लड़ेंगे। सैनी फिलहाल करनाल सीट से हरियाणा विधानसभा के सदस्य हैं। उससे पहले वह 2019 से 2024 तक कुरुक्षेत्र से सांसद थे। दिल्ली में बड़ौली ने हालांकि इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि क्या सैनी करनाल से भी चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल लाडवा सीट से कांग्रेस के मेवा सिंह विधायक हैं।
ALSO READ: हरियाणा विधानसभा चुनाव में एंटी इनकम्बेंसी से निपटना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती, नए चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के वास्ते पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बैठक की थी। पार्टी हरियाणा में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए कोशिश में जुटी है।
 
सोनीपत के राय से विधायक बड़ौली ने यह भी कहा कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगले दौर की बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची शीघ्र आ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
ALSO READ: Haryana Assembly Election : कांग्रेस सांसदों के हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने पर रोक, लेनी होगी मल्लिकार्जुन खरगे की इजाजत
बड़ौली ने कहा कि सीईसी की बैठक के दौरान सभी सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई और दो दिन बाद फिर अगली बैठक होगी। बड़ौली ने जुलाई में भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष का पदभार संभाला था। उन्होंने कहा कि पहली सूची में कुछ उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
 
मार्च में भाजपा ने मनोहरलाल खट्टर को हटाकर ओबीसी नेता सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया था। खट्टर बाद में करनाल से लोकसभा चुनाव जीते और वह अब केंद्रीय मंत्री हैं। जब सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में खट्टर की जगह ली थी तब वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष थे और कुरुक्षेत्र से पार्टी के सांसद थे।
ALSO READ: भाजपा का चुनाव आयोग को पत्र, क्या टल जाएगा हरियाणा चुनाव?
बाद में उन्होंने करनाल से विधानसभा उपचुनाव जीता। करनाल विधानसभा सीट खट्टर ने खाली की थी। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक अक्टूबर को एक चरण में चुनाव होंगे और चार अक्टूबर को परिणाम की घोषणा की जाएगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी