Shrikant Tyagi case : बवाल के बाद नोएडा में श्रीकांत त्यागी का अवैध निर्माण ढहाया, 25 हजार का इनाम घोषित

सोमवार, 8 अगस्त 2022 (14:19 IST)
नोएडा। महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी द्वारा उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित उनके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को सुबह ढहा दिया।भाजपा का नेता होने का दावा करने वाले त्यागी के खिलाफ एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। त्यागी अभी फरार है। उन्होंने बताया कि नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को सुबह लगभग नौ बजे शहर के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में त्यागी के ग्राउंड फ्लोर वाले अपार्टमेंट के बाहर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

खबरों के अनुसार, फरार श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार का इनाम रखा गया है। नोएडा के भंगेल में अब त्यागी की दुकानों पर भी बुलडोजर चलाया जाएगा और जीएसटी की छापेमारी की जाएगी।त्यागी की तलाश में पुलिस ने दिल्ली, उत्तराखंड व उत्‍तर प्रदेश में दबिश दी है।

भंगेल में त्यागी की 40 दुकानें और धर्मकांटा है। 6 दुकानें अवैध मिली हैं। त्यागी की लास्ट लोकेशन मिली है। वह हरिद्वार में एक जगह सीसीटीवी में भी कैद हुआ है।ऐसी संभावना जताई जा रही कि त्यागी आज सरेंडर कर सकता है। 

भारतीय जनता पार्टी का नेता होने का दावा करने वाले त्यागी के खिलाफ ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला ने त्यागी द्वारा सोसायटी के साझा क्षेत्र में पौधे लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिससे वह भड़क उठा था।
फोटो सौजन्‍य : सोशल मीडिया

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी