ओडिशा के पूर्व सीएम जेबी पटनायक का निधन

मंगलवार, 21 अप्रैल 2015 (09:43 IST)
भुवनेश्वर। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं असम के पूर्व राज्यपाल जानकी बल्लभ पटनायक का मंगलवार सुबह तिरूपति में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता को आधी रात के करीब सीने में दर्द के चलते मंदिर नगरी में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पटनायक ओड़िशा के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। वह राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने तिरूपति गए थे।

ओड़िशा के राज्यपाल एस.सी. जमीर और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पटनायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में आज एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।

अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के राजकीय शोक की भी घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज ‘अक्षय तृतीया’ के शुभ अवसर पर निर्धारित अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

पटनायक का पार्थिव शरीर यहां लाया जा रहा है और उनका अंतिम संस्कार पुरी में किया जाएगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें