डॉक्टरों की काली करतूत, 2200 महिलाओं के निकाले गर्भाशय

मंगलवार, 7 फ़रवरी 2017 (16:51 IST)
डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन कर्नाटक के डॉक्टरों इस पेशे को शर्मसार कर दिया है। यहां पैसों की लालच में डॉक्टरों ने 2200 महिलाओं का गर्भाशय निकाल लिया। डॉक्टर महिलाओं को सर्जरी नहीं करवाने पर कैंसर फैल जाने की बात से इन्हें डराते थे। 
खबरों के मुताबिक कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में डॉक्टरों ने करीब 2200 गरीब महिलाओं का ऑपरेशन कर उनका गर्भाशय निकाल लिया। इस रैकेट का भंडाफोड़ साल 2015 में हुआ था, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया था। 
 
जांच शुरू होने के बाद कई डॉक्टरों का लाइसेंस कैंसिल कर दिया गया। बावजूद इसके यह रैकेट चलता रहा।  मामले में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट सामने आ गई है। 
 
स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि डॉक्टर गरीब महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे। पेट दर्द जैसी छोटी समस्या को भी डॉक्टर बढ़ा-चढ़ा कर बताते हुए गर्भाशय में संक्रमण होने की बात कहते। डॉक्टर  महिलाओं को सर्जरी न करवाने पर कैंसर फैल जाने के नाम पर डराते थे। 
 
पैसे न होने के कारण महिलाएं और उनके परिजन आगे के टेस्ट नहीं करवाते थे। इसके बाद महिलाओं का ऑपरेशन किया जाता था, जिसमें उनका गर्भाशय निकाल लिया जाता। इस तरह से करीब 2200 महिलाएं इन डॉक्टरों का शिकार बनीं। सभी पीड़ित महिलाएं लंबनी और दलित समुदाय से संबंध रखती हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें