केजरीवाल बोले, मोदी के नाम पर भ्रष्टाचार छुपा रही है भाजपा

शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017 (15:20 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि भाजपा नगर निगम चुनाव में व्याप्त भ्रष्टाचार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम की आड़ में छुपा रही है। आगामी रविवार को तीनों नगर निगम के लिए मतदान होना है।
 
केजरीवाल ने चुनाव में भाजपा की यह रणनीति कारगर साबित नहीं होने का दावा करते हुये कहा कि पूरी दिल्ली में साल भर फैली रहने वाली गंदगी से जनित बीमारियों और अन्य परेशानियों से त्रस्त जनता को भाजपा से पूरी तरह नाउम्मीद हो गई है। ऐसे में भाजपा के पास अब सिर्फ मोदी के नाम का ही सहारा है जिसकी आड़ में इन परेशानियों को वह छुपाने की कोशिश कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि मोदी जी नगर निगम की हालत को कैसे सुधारेंगे, क्योंकि नगर निगम का काम मोदी जी को नहीं करना है बल्कि यह काम भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य स्थानीय नेताओं को करना है। केजरीवाल ने कहा कि जाहिर तौर पर पिछले दस साल में भाजपा ने नगर निगम को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें