महंगी पड़ी बाजी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उड़ाई आधी मूंछ

बुधवार, 18 जनवरी 2017 (21:39 IST)
कोडुनगल्लूर। माकपा के एक कार्यकर्ता को बाजी हारना उस समय महंगा पड़ गया जब कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसकी आधी मूंछ काट दी। पुलिस ने इस संबंध में इन चारों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
 
पुलिस ने कहा कि 30 वर्षीय माकपा कार्यकर्ता कन्नन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान बाजी लगाई थी। कन्नन ने कहा था कि भाजपा केरल में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी और अगर भाजपा ने एक भी सीट जीती तो वह अपनी मूंछ कटवा देगा।
 
लेकिन संयोग से पूर्व केन्द्रीय मंत्री ओ. राजगोपाल के बल पर भाजपा ने उन चुनावों में अपना खाता खोल लिया। मंगलवार को भाजपा के इन चार कार्यकर्ताओं ने कन्नन को धर दबोचा और उसके हाथ पीछे से  बांध दिए और इसके बाद जबरदस्ती उसकी आधी मूंछ साफ कर दी।
 
कन्नन ने बाद में पुलिस में इसकी शिकायत की जिसके बाद इन चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर  लिया गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें