सांप और इंसान ने एक-दूजे को काटा, महिला पहुंची कोबरा के साथ अस्पताल...

Webdunia
शनिवार, 14 मई 2016 (12:57 IST)
लातेहार। झारखंड में लातेहार जिले में एक अनोखी और दर्दनाक घटना में एक आदमी और एक सांप की जान चली गई। लातेहार जिले के डुमरा निवासी रंथू उरांव (50) को सांप ने काटा तो रंथू ने भी सांप को काट लिया। बाद में दोनों की मौत हो गई।
 
पुलिस के अनुसार रंथू के पड़ोसी के घर में रात को सांप निकला। शोर सुनकर रंथू भी वहां पहुंचे और घर में घुसकर सांप को पकड़ लिया। इसी दौरान सांप ने उन्हें काट लिया। गुस्से में आकर रंथू ने भी सांप को मुंह से पकड़कर काट लिया। पहले सांप की मौत हुई और फिर रंथू की हालत बिगड़ने लगी। इससे घबराए ग्रामीण उन्हें अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
 
इसी तरह के एक अन्य घटनाक्रम में कर्नाटक के अंकोला के पास एक खेत में काम कर रही महिला को जहरीले कोबरा ने डंस लिया। सांप के काटने से महिला को तेज दर्द हुआ, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। महिला ने दौड़ लगाकर डंसने वाले जहरीले कोबरे को पकड़ लिया। उसने उस सांप को एक झोले में डाला और तुरंत अस्पताल पहुंच गई।
 
अंकोला के निकट मरुगड्डे के शिव गौड़ा की पत्नी लीलावती खेत में काम कर रही थी, तभी उसे सांप ने डंस लिया। उसका मानना था कि यदि सांप को ऐसे छोड़ दिया तो उसका जहर शरीर में फैल जाएगा। इतना ही नहीं उसने अस्पताल पहुंच कर भी सांप को नहीं छोड़ा था और डॉक्टरों से बार-बार पूछ रही थी कि सांप जहरीला है कि नहीं।
 
डॉक्टरों ने जब लीलावती को देखा तो उन्हें बहुत आश्चर्य हुआ। उसके शरीर में जहर फैल चुका था, फिर भी वो अपने हाथ में सांप वाला झोला पकडे़ हुए थी। डॉक्टरों ने तत्काल उसे एंटीवेनम इंजेक्शन दिया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सांपों के विशेषज्ञ को बुलवाया।
अगला लेख