राहतभरी खबर! महाराष्‍ट्र में किसान आंदोलन खत्म

शनिवार, 3 जून 2017 (08:27 IST)
मुंबई। कर्जमाफी और अन्य मुद्दों पर हड़ताल कर रहे महाराष्ट्र किसानों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस से मुलाकात के बाद अपनी हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। किसानों की हड़ताल की वजह से दूध, सब्जी जैसा जरूरी सामान न मिल पाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 
 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने देवेन्द्र फडणवीस की ओर से 20 जून तक दूध की कीमतों की समीक्षा करने, छोटे जमीन धारकों को ऋण माफी देने और बिजली बिलों में कमी लाने के आश्वासन के बाद किसानों ने दो दिवसीय हड़ताल को समाप्त कर दिया। 
 
पुणे जिले के पुनटम्बा गांव के किसानों ने दावा किया कि उनकी 70 फीसदी मांगें स्वीकार की गई है। इसी गांव से किसानों ने आंदोलन की शुरुआत की थी।
 
आंदोलनकारी किसानों तथा फडणवीस के बीच कल रात चार घंटे लंबी बातचीत के बाद आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की गई है। हालांकि नासिक के कुछ किसान अब भी आंदोलनरत हैं तथा उनका दावा है कि मुख्यमंत्री आंदोलन को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों का एक तबका पूरी तरह कर्ज माफी की मांग कर रहे हैं लेकिन इस मांग को फडणवीस ने अस्वीकार कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार रात से ही हड़ताल का असर दिखने लगा था। मंडियों और डेयरियों तक सब्जी और दूध न पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के लिए किसानों द्वारा हाईवे पर ट्रकों को रोका जा रहा था। सतारा, अहमदनगर और नासिक राजमार्गों पर ट्रक रोके गए। 

वेबदुनिया पर पढ़ें