Bilaspur Big Accident : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पहाड़ से बस पर गिरा मलबा,15 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों को 2 लाख

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 8 अक्टूबर 2025 (00:05 IST)
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी पर पहाड़ से मलबा और बड़े पत्थर गिर गए। मीडिया खबरों के मुताबिक बस में करीब 35 लोग सवार थे। इसमें 15 लोगों की मौत की खबर है। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा बल्ली ब्रिज के पास हुआ जब एक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें नीचे गिरकर एक निजी बस पर गिरीं। इस टक्कर से बस मलबे के नीचे दब गई।  
बिलासपुर में निजी बस दुर्घटना पर हिमाचल सड़क परिवहन निगम बोर्ड के सदस्य संदीप सांख्यान ने कहा कि ये घटना बहुत ही दुखद थी। मेरी बिलासपुर के एसपी से बात हुई है। मुझे अभी पता चला है कि 15 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 9 पुरुष, चार महिलाएं और दो बच्चे हैं- दोनों लड़के हैं...इसके अलावा दो बच्चे जो बहुत सदमे में थे उन्हें एम्स में रेफर किया गया है। जैसे ही मुझे इस घटना का पता चला तो मैं यहां एम्स पहुंचा। यहां पर सारी व्यवस्था चाक-चौबंद है।

मीडिया खबरों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में शाम को प्राइवेट बस पर पहाड़ गिर गया। इससे 15 लोगों की मौत हो गई। अभी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बच्चे समेत 4 लोगों को बचा लिया गया है। राहत ए‌वं बचाव कार्य जारी है। रात का अंधेरा होने से राहत कार्य में बाधा आ रही है। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। छत पर मलबा व पत्थर गिरने के बस पूरी तरह दब गई।

पीएम मोदी ने जताया दु:ख
PM नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा- हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है।
इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। उन्होंने आगे लिखा- प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। Edited by : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी