Ram Navami violence: ममता ने पलटवार कर भाजपा पर लगाया हिंसा भड़काने का आरोप

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 18 अप्रैल 2024 (14:18 IST)
रायगंज (प. बंगाल)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में रामनवमी पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान हिंसा भड़काई। उन्होंने दावा किया कि मुर्शिदाबाद जिले में हिंसा पूर्व नियोजित थी और उन्होंने भाजपा पर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इसे अंजाम देने का आरोप लगाया।
 
ममता बोलीं, सब कुछ पूर्व नियोजित था : पुलिस ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बुधवार शाम को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुए विस्फोट में एक महिला घायल हो गई। ममता ने रायगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली में कहा कि सब कुछ पूर्व नियोजित था। रामनवमी से एक दिन पहले मुर्शिदाबाद के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को हटा दिया गया ताकि आप (भाजपा) हिंसा कर सकें।
 
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि भाजपा से जुड़े गुंडों ने जिले में पुलिसकर्मियों से मारपीट की। इस बीच भाजपा ने आरोप लगाया कि जिले के रेजीनगर इलाके में रामनवमी के मौके पर निकाली शोभायात्रा में पथराव किया गया था।(भाषा)
 
Edited by : Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी