Chief Minister Pushkar Singh Dhami News: 38वें राष्ट्रीय खेलों में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे शुभंकर मौली का राष्ट्रीय खेलों के समापन के उपरांत शासकीय आवास पर आगमन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट किया कि राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर के रूप में मौली का चयन एक गहरे प्रतीकात्मक महत्व का द्योतक है।
मौली का स्वरूप हमारे प्रदेश के राज्य पक्षी मोनाल से लिया गया है, जो हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है और इसके पंखों का रंग नीला, हरा, बैंगनी, लाल और भूरा न केवल प्राकृतिक सुंदरता का प्रतीक है बल्कि विविधता में एकता का भी संदेश देता है। इन रंगों के माध्यम से यह दिखाया गया कि विविधता में सामंजस्य और एकता ही हमारे समाज की ताकत है।
खेलों के माध्यम से उत्तराखंड ने यह दिखाया कि चाहे आप किसी भी राज्य, भाषा या संस्कृति से संबंध रखते हों, आप सभी एक समान हैं। यह संदेश देशभर के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के दिलों में अंकित हुआ कि उत्तराखंड ने न केवल खेलों को प्रोत्साहित किया बल्कि राष्ट्रीय एकता और समानता तथा पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी बताया।
उत्तराखंड ने 102 पदक जीते : एक अन्य पोस्ट में धामी ने कहा कि हमारे राज्य के खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 102 पदकों के साथ पदक तालिका में सातवां स्थान पक्का किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारी सरकार द्वारा राज्य में लागू नई खेल नीति के माध्यम से इन सभी विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं का लाभ हमारे खिलाड़ी उठाएंगे और अपने अथक परिश्रम से देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन करेंगे।