कोरोना काल में Traffic jam ने बढ़ाई मुंबईवासियों की परेशानी, लोगों ने पुलिस को बताया जिम्मेदार

सोमवार, 29 जून 2020 (15:55 IST)
मुंबई। कोरोनावायरस महामारी का हब बन चुके मुंबई में लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। अनलॉक-1 के चलते आवाजाही बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई पुलिस लोगों से नई गाइडलाइन का भी पालन करवा रही है। कई लोगों ने ट्रैफिक जाम के लिए पुलिस को भी जिम्मेदार बताया। 
 
लगातार बढ़ते कोरोना मामलों ने एक तरफ जहां मुंबई पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर है तो वहीं दूसरी ओर पुलिस की नाकाबंदी के कारण लगे जाम ने चिंता और बढ़ा दी है।
 
पुलिस की नाकाबंदी के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। मुंबई पुलिस की नई गाइडलाइन के कारण यहां करीब 2 किलोमीटर तक कारों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस विभाग के अनुसार कोरोना को देखते हुए सख्ती कर दी गई है। इसके बाद जगह-जगह नाकाबंदी करके लोगों से घर पर रहने की अपील की जा रही है। पुलिस अनुसार शहर के कई लोग नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए हैं। 
पुलिस ने बताया कि लोगों को बाजारों, सैलून, नाई की दुकानों आदि पर जाना केवल निवास से 2 किलोमीटर के दायरे तक ही सीमित है। इस दौरान खरीदारी आदि के लिए इस दायरे से बाहर जाने पर मनाही है। इसी प्रकार मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के उद्देश्य से घर से 2 किमी दूर के दायरे में जाने पर पाबंदी है। (सभी फोटो : गिरीश श्रीवास्तव)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी