झारखंड में नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में 15 जवान घायल

मंगलवार, 28 मई 2019 (11:20 IST)
सरायकेला खरसावां। झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में कुचाई थाना क्षेत्र के रायसिंदरी पहाड़ पर मंगलवार तड़के हुई नक्सलियों की आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड जगुआर पुलिस के 15 जवान घायल हो गए।
 
पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीआरपीएफ की विशेष टीम कोबरा और झारखंड जगुआर के जवान तड़के लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (एलआरपी) से लौट रहे थे। इसी दौरान यह विस्फोट हुआ, जिसमें 15 जवान घायल हो गए। घायल हुए जवानों में से दो की हालत गंभीर है।
 
घायल जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। घायल हुए जवानों में 13 जवान कोबरा बटालियन के हैं।
 
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट के बाद पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। इस दौरान घने जंगल का लाभ उठाकर नक्सली भाग निकले। उन्होंने बताया कि संदेह है कि आईईडी को कच्ची सड़क के नीचे दबाकर रखा गया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी