गडकरी ने कहा- 'दिल्ली में खुश हूं, सीएम की रेस में नहीं'

गुरुवार, 23 अक्टूबर 2014 (15:17 IST)
नागपुर। महाराष्ट्र में भाजपा के कई विधायकों द्वारा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बीच वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह केंद्र में काम करके खुश हैं। उनसे पूछा गया था कि क्या वह राज्य की राजनीति में लौटने का इरादा रखते हैं। गडकरी ने कहा, ‘मैं दिल्ली में खुश हूं।’ उन्होंने यह भी कहा कि मैं सीएम पद की रेस में नहीं हूं।
 
गडकरी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र फडनवीस गुरुवार को उनसे मिलने उनके घर गए थे। फडनवीस को महाराष्ट्र में भाजपा के प्रथम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
 
सूत्रों ने फडनवीस की गडकरी से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है जो भाजपा के वरिष्ठ नेता को दीपावली की शुभकामना देने शहर के महाल क्षेत्र में उनके घर गए थे।
 
मुलाकात के बाद केंद्रीय परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री ने कहा, ‘फडनवीस मेरे सहयोगी है और दीपावली के मौके पर मुझसे मिले आए हैं।’ उन्होंने कहा कि दोनों नेता करीब आधे घंटे साथ रहे। हालांकि तत्काल यह पता नहीं चल सका कि दोनों के बीच क्या बात हुई।
 
गौरतलब है कि विदर्भ क्षेत्र के भाजपा विधायक और पार्टी नेता सुधीर मुंगतीवार की ओर से गडकरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की वकालत की जा रही है।
 
गडकरी हालांकि पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह राज्य की राजनीति में नहीं लौटना चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि इस बारे में पार्टी नेतृत्व को निर्णय करना है और उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जायेगी उसे वह स्वीकार करेंगे। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा था।
 
गौरतलब है कि मंगलवार को विदर्भ क्षेत्र के 39 नवनिर्वावित विधायकों ने गडकरी से मुलाकात की थी और उन्हें महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की वकालत की थी। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें