कितनी संपत्ति के मालिक हैं ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक

शनिवार, 20 मई 2023 (15:57 IST)
Naveen Patnaik Property : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पास 65.40 करोड़ रुपए की संपत्ति है तथा दिसंबर 2022 तक उन पर कोई देनदारी नहीं थी। इसके अलावा, राज्य के 14 मंत्री भी करोड़पति हैं। इस्पात एवं खनन मंत्री प्रफुल्ल मलिक के पास सबसे कम 42 लाख रुपए की संपत्ति है।
 
मुख्यमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के अनुसार, 2020-21 में मुख्यमंत्री की संपत्ति 43 लाख रुपए से बढ़कर 64.97 करोड़ रुपए हो गई। पटनायक की चल संपत्ति 2021-22 में बढ़ी है जबकि अचल संपत्ति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
 
पटनायक के पास 12.52 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है जिसमें दिल्ली, भुवनेश्वर, हिन्जिलीकट और बारगढ़ में बैंक खातों के साथ आभूषण और चार पहिया एक गाड़ी भी शामिल है।
 
मुख्यमंत्री की अचल संपत्ति में भुवनेश्वर हवाई अड्डे के समीप 9,52,46,190 रुपए (अनुमानित) के उनके ‘नवीन निवास’ में दो तिहाई हिस्सा और नई दिल्ली में 3, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर 43,36,18,000 रुपए (अनुमानित) संपत्ति में 50 प्रतिशत हिस्सा शामिल है।
 
पटनायक के पास एचडीएफसी में एक करोड़ रुपए की सावधि जमा, 9 करोड़ रुपए के आरबीआई बॉन्ड और डाकघर में 1.50 करोड़ रुपए की जमा राशि है। मुख्यमंत्री के पास नई दिल्ली के जनपथ स्थित एक बैंक में 70.11 लाख रुपए तथा भुवनेश्वर में भारतीय स्टेट बैंक में 20.87 लाख रुपए हैं।
 
उनके पास 3.49 लाख रुपये के आभूषण और 1980 मॉडल की 6,434 रुपए की एक पुरानी एम्बेसडर कार है। ओडिशा के पांच बार के मुख्यमंत्री पटनायक के पास 52.88 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है जो उन्हें अपने माता-पिता बीजू और ज्ञान पटनायक से मिली है।
 
राज्य के अन्य करोड़पति मंत्रियों में अशोक चंद्र पांडा, प्रीति रंजन घड़ेई, रणेंद्र प्रताप स्वैन, प्रमिला मलिक, निरंजन पुजारी, उषा देवी, अतनु सब्यसाची नायक, राजेंद्र ढोलकिया, तुकुनी साहू, प्रदीप कुमार अमात, पीके देब, बसंती हेबराम, रोहित पुजारी और अश्विनी पात्रा शामिल हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी