कौन हैं ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास, ASI ने क्यों मारी गोली?

Webdunia
रविवार, 29 जनवरी 2023 (18:34 IST)
ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास को एएसआई (सहायक पुलिस उपनिरीक्षक) ने कथित तौर पर गोली मार दी। नब दास को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। खबरों के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री के सीने में गोली लगी है। पूरी घटना ओडिशा के ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न करीब 1 बजे के आसपास उस वक्त हुई जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

नब दास बीजद के एक वरिष्ठ नेता हैं। हाल ही में शनि मंदिर में 1.7 किलोग्राम का सोने का कलश चढ़ाने के बाद वे चर्चा में आए थे। नब दास को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच मंत्री नब दास को भुवनेश्वर एयरलिफ्ट किया गया।

ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक गोपल दास ने स्वास्थ्य मंत्री पर गोली चलाई। नब दास के पास जहां करोड़ों रुपए की नकदी और निवेश हैं तो वहीं उनकी पत्नी भी करोड़ों रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं।

खबरों के मुताबिक नब दास की पत्नी के पास 30 करोड़ रुपए से अधिक की चल और अचल संपत्ति बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने एसआई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई ने मंत्री पर क्यों गोली चलाई, इसे लेकर जांच की जा रही है।
 
हमले के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच को घटना की जांच करने का निर्देश दिया गया है।

क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है। नब दास के समर्थकों ने आरोप लगाया कि दास को निशाना बनाने के लिए साजिश रची गई थी। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख