Murmu became emotional with good wishes song of Divyang children: उत्तराखंड की तीन दिवसीय यात्रा पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दृष्टिबाधित बच्चों का शुभकामना गीत सुनकर भावुक हो गईं। मुर्मू की आंखों में उस समय आंसू आ गए जब दृष्टिबाधित बच्चों के एक समूह ने उनके 67वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए गीत गाया।
यहां राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) के भ्रमण के दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जब उन्होंने इतना सुंदर गीत गाया तो वह भावुक हो गईं। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी आंखों से तो पानी रोके नहीं रुका। मुझे लगता है कि वे गले से नहीं गा रहे थे, वे अपने हृदय से गा रहे थे। जैसे सरस्वती उनके गले में बैठकर गा रही थीं।
दिव्यांग बच्चों में विशेष क्षमताएं : उन्होंने कहा कि बच्चों के समूह की गायन प्रतिभा ने उनके इस विचार को पुष्ट किया कि दिव्यांगता के साथ पैदा होने वाले बच्चों में कुछ विशेष क्षमताएं होती हैं। राष्ट्रपति ने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सफलता निश्चित है।