Draupadi Murmu presented Padma Awards: भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर, नृत्यांगना शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता अनंत नाग और प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलपति सोनिया नित्यानंद समेत 68 प्रतिष्ठित लोगों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने मंगलवार को पद्म पुरस्कारों (Padma Awards) से सम्मानित किया। गत 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नागरिक पुरस्कारों- पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री के लिए कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नामों की घोषणा की गई थी।
9 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्मभूषण : राष्ट्रपति ने समारोह के दौरान 9 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्मभूषण सम्मान से नवाजा जिनमें नृत्यांगना और अभिनेत्री शोभना चंद्रकुमार, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी, पुरातत्वविद् कैलाश नाथ दीक्षित, नर्तक जतिन गोस्वामी, अभिनेता अनंत नाग और साध्वी ऋतंभराजी शामिल थीं। अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के लिए यह सम्मान देबरॉय की पत्नी और जोशी के बेटे ने ग्रहण किया।
ये भी नवाजे गए पद्मश्री सम्मान से : प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और अभिनय प्रशिक्षक बैरी जॉन, लोक संगीतकार तथा प्रसिद्ध पराई वादक वेलु आसन, व्यवसायी सज्जन भजनका, डॉ. नीरजा भटला, वैज्ञानिक अजय वी. भट्ट, लेखक संतराम देसवाल, आध्यात्मिक नेता आचार्य जोनास मेजेट्टी और फारुक अहमद मीर अन्य पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं में शामिल थे। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं।
इन्हें मिलता है पद्म सम्मान : पद्मविभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है, पद्मभूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्मश्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। गत 2014 में जब से नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से उसने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करके 'गुमनाम नायकों' का सम्मान करना शुरू कर दिया है। इस प्रकार पद्म पुरस्कारों को 'लोगों के पद्म' में बदल दिया है।(भाषा)