अब रामलीला देखेंगे राहुल, खाएंगे चाट पकौड़े

बुधवार, 7 अक्टूबर 2015 (16:08 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पुरानी दिल्ली में लाल किला मैदान में रामलीला देखने जाएंगे तथा चांदनी चौक की मशहूर चाट पकौड़ों का भी लुत्फ उठाएंगे।
 
लालकिला मैदान की लव कुश रामलीला कमेटी के महामंत्री सुखबीर सरन अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां राहुल गांधी से उनके निवास पर उन्हें रामलीला में आने का न्यौता दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
 
कमेटी की एक विज्ञप्ति के अनुसार राहुल ने कहा कि वह न सिर्फ रामलीला देखने आएंगे बल्कि चाट पकौड़ों  का भी आनंद लेंगे।
 
राहुल ने यह भी बताया कि बचपन में वह और उनकी बहन प्रियंका अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पुरानी दिल्ली की रामलीला देखने बड़े उत्साह से जाया करते थे। वे तीर-कमान, गदा तलवार आदि देखकर रोमांचित होते थे। 
 
लव-कुश रामलीला कमेटी के सदस्य अर्जुन कुमार, मेहरबान, उस्मान, हरिशंकर ने गांधी को भगवान राम की मूर्ति, तीन कमान एवं गदा भेंट की। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें