जाने-माने संगीतकार रवीन्द्र जैन का निधन

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2015 (17:29 IST)
मुंबई। जाने-माने संगीतकार और गीतकार रवीन्द्र जैन का शुक्रवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। 71 वर्षीय संगीतकार किडनी में समस्या होने की वजह से यूरिनरी इंफेक्शन से पीड़ित थे और वेंटिलेटर पर थे। 
 
रवीन्द्र जैन : गीत गाता चल ओ साथी...

जैन के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु झुनझुनवाला ने बताया की शाम चार बजकर दस मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली।
 
सत्तर के दशक में ‘चोर मचाए शोर’, ‘गीत गाता चल’, ‘चितचोर’ और ‘अंखियों के झरोखों से’ तथा बाद में राम तेरी गंगा मैली जैसी हिट फिल्मों में संगीत देने वाले श्री जैन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

उनका जन्म 28 फरवरी, 1944 को अलीगढ़ में जन्में रवींद्र जैन ने कई मशहूर फिल्मों में संगीत दिया। 70 के दशक में उन्‍होंने बतौर बॉलीवुड संगीतकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।
 
बतौर संगीतकार फिल्म 'अंखियों के झरोखे से' में दिया गया उनका संगीत काफी मशहूर हुआ था। उन्‍होंने कई फिल्मों के गीत भी लिखे थे।
 
वह रविवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में नागपुर गए थे जहां उनकी तबीयत खराब हो गई थी। जैन को बुधवार को एक चार्टर्ड एयर एम्बुलेंस द्वारा नागपुर के वॉकहार्ट अस्पताल से मुंबई लाया गया था। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें