पैगंबर थे योग के समर्थक : साक्षी महाराज

सोमवार, 15 जून 2015 (13:39 IST)
नई दिल्ली। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अपने बयान के कारण अब एक नया विवाद खड़ा कर  दिया है। उन्होंने अपने आपको सच्चा मुसलमान और पैगंबर को योग का सबसे बड़ा समर्थक बताया।  भाजपा सांसद का यह बयान 21 जून को अतंरराष्ट्रीय योगा दिवस समारोह से कुछ दिनों पहले ही  आया है।
 
साक्षी महाराज ने कहा कि इस्लाम में सबसे बड़ा नाम पैगंबर का है और मैं सोचता हूं कि पैगंबर एक  महान योगी थे। मैं सोचता हूं जिसमें ईमान है वह मुसलमान है। मैं सच्चा मुस्लिम हूं। मुस्लिम  संगठनों के कड़े विरोध के चलते सूर्य नमस्कार को पहले ही अतंरराष्ट्रीय योगा दिवस समारोह में  शामिल नहीं किया गया है। 
 
इस मुद्दे पर साक्षी महाराज ने कहा ‍कि बिना सूर्य मैं और आप दोनों ही अंधे हो जाएंगे। पूरी दुनिया  अंधी हो जाएगी। जो लोग सूर्य को सांप्रदायिक बताते हैं, वे उसकी रोशनी लेना छोड़ दें।
 
उल्लेखनीय है कि मुस्लिम लॉ बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया था। साथ ही स्कूलों में 21  जून को योगा दिवस के दिन सूर्य नमस्कार के आदेश के विरोध में देश भर में अभियान शुरू करने  की बात कही थी।  एक निजी समारोह में शामिल होने आए साक्षी महाराज ने उत्तरप्रदेश के मंत्री आजम खान पर भी  निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम उन लोगों में है, जो कभी सच नहीं बोलता। वे योगी  आदित्यनाथ को नमाज पढ़ने की सलाह दे रहे हैं। (एजेंसियां)

वेबदुनिया पर पढ़ें