नागा लड़की से छेड़खानी का प्रयास

शनिवार, 1 अगस्त 2015 (00:22 IST)
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन इलाके में पूर्वोत्तर की एक लड़की से छेड़खानी का प्रयास करने के आरोपी 20 वर्षीय युवक को आज गिरफ्तार कर लिया गया।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी की पहचान आदित्य के तौर पर हुई है और उसे पीड़िता की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।’ 
 
शिकायत के अनुसार नागालैंड की रहने वाली लड़की का उसके आवास पर आज सुबह अपने ब्वॉयफ्रेंड से झगड़ा हुआ। उसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई।
 
उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े 11 बजे के करीब आरोपी आदित्य लड़की के कमरे में घुस गया और उसने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया।
 
लड़की की चीख सुनकर उसके पड़ोसी और उसका ब्वॉयफ्रेंड उसकी मदद के लिए पहुंचे और पीसीआर को कॉल किया।
 
उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के आने तक आरोपी को लड़की के पड़ोसियों और उसके मित्र ने पकड़कर रखा था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें