भदेरवाह में मौसम का पहला हिमपात

सोमवार, 5 अक्टूबर 2015 (00:02 IST)
भदेरवाह। जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के भदेरवाह शहर में रविवार को मौसम का पहला हिमपात देखने को मिला।
 
अधिकारी ने बताया कि भदेरवाह के उपरी इलाकों कैलाश पर्वत श्रृंखला, आशा पति, सोज धार और चत्तर गली में हिमपात हुआ। हिमपात के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई वही ठंडी हवाओं से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़े भी पहनने पड़े।
 
हालांकि भदेरवाह के कई इलाकों में मामूली बूंदा बांदी भी हुई। वहीं दूसरी तरफ बेमौसम हुए इस हिमपात के कारण अचानक तापमान का गिरना किसानों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
 
शरेखी गांव के निवासी मोहम्मद हनीफ बट्ट ने कहा, 'हमारी मक्का और धान की फसलें अभी भी खेतों में हैं, अचानक तापमान के गिरने से वो बर्बाद हो सकती हैं।'
 
उन्होंने कहा कि धान की कटाई अगले 15 दिनों में शुरू कि जाएगी। धान और मक्का के ढंग से पकने के लिए सूखे और गर्म मौसम की आवश्यकता होती है।
 
बट्ट ने कहा कि अचानक तापमान का गिरना फसलों को बुरी तरह से बर्बाद कर सकता है। इस साल लंबे समय तक रही ठंड का असर पहले ही फसलों पर पड़ा था और अब बेमौसम के हिमपात से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें