सोशल मीडिया ने किया नारी शक्ति को सलाम

गुरुवार, 19 मई 2016 (14:44 IST)
नई दिल्ली। देश के 4 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजों से भारतीय राजनीति की दो मजबूत महिला नेताओं ममता बनर्जी और जयललिता की ताकत में इजाफा हुआ है। इन दोनों नेताओं की जीत की धमक सोशल मीडिया में सुनाई दी और लोगों ने इस बहाने देश में नारी शक्ति को सलाम किया।
 
चुनाव के नतीजे आने के साथ ही लोगों ने 'हैशटैग ममता बनर्जी' और 'हैशटैग जयललिता' के जरिए ट्वीट किए। ट्विटर यूजर्स ने अपने-अपने ढंग से इन दोनों नेताओं का बखान किया।
 
एक महिला यूजर ने ट्वीट किया कि वाह, एक बार फिर महिलाओं ने साबित कर दिया। गुरुवार का दिन खास है। भारत की नारी शक्ति को सलाम।
 
एक अन्य ट्वीट में कहा गया है कि ममता ने सत्ता विरोधी लहर को मात दी। एक मजबूत नारी। ममता दीदी ने फिर साबित कर दिया। इस मौके पर कई लोगों ने मजाकिया ट्वीट किए और कुछ नेताओं के जयललिता का चरण स्पर्श करने वाली तस्वीर भी खूब शेयर की।
 
पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत हासिल करके ममता बनर्जी दोबारा मुख्यमंत्री बनने की तैयारी कर रही हैं तो तमिलनाडु में जयललिता 6ठी बार मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। जयललिता ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें