'खूबसूरत महिलाओं’ पर सोमनाथ भारती का बयान, मचा बवाल

मंगलवार, 4 अगस्त 2015 (08:00 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती महिलाओं के बारे में विधानसभा में दिए बयान को लेकर नए विवाद में घिर गए हैं।
 
 
विधानसभा में महिला सुरक्षा आयोग गठित करने के प्रस्ताव पर भारती ने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि यदि दिल्ली पुलिस को सुरक्षा के मामले में पूरी आजादी दे दी जाए तो खूबसूरत महिलाएं भी आधी रात के बाद बिना किसी डर के सड़कों पर निकल सकती हैं। उनके इस बयान की उनकी पत्नी लिपिका मित्रा तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस और अन्य दलों ने कड़ी निंदा की है।
 
उनकी पत्नी ने बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भारती उनकी सुरक्षा के लिए चिन्तित नही हैं बल्कि केवल 'खूबसूरत' महिलाओं की सुरक्षा के लिए चिन्तित हैं। उन्होंने कहा, मैं एक साधारण दिखने वाली महिला हूं और हो सकता है कि इसीलिए भारती ने मेरे साथ ऐसा व्यवहार किया।
 
दिल्ली कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि भारती का यह बयान उनकी मानसिकता का परिचायक है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने भारती के बयान को बहुत ही आपत्तिजनक बताया और कहा कि इससे यह साफ झलकता है कि महिलाओं के प्रति उनकी क्या सोच है।
 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की नेता वृंदा करात ने भी भारती के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के प्रति उनकी सोच का पता चलता है। 
 
इन बयानों को लेकर निशाने पर आए भारती ने कहा कि जब हम छोटे थे, मेरी दादीजी कहा करती थीं कि अंग्रेजों के जमाने में ऐसी सुरक्षा होती थी कि सुन्दर से सुन्दर स्त्री रात के 12 बजे गहने-जेवर से लदी कन्याकुमारी से कश्मीर चली जाए कोई छूता नहीं था। मैंने तो उस समय के माहौल के संदर्भ में यह बात कही थी। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें