आवारा कुत्तों ने ली लड़की की जान

शनिवार, 25 अप्रैल 2015 (19:26 IST)
वलसाड। एक मार्मिक घटना में आवारा कुत्तों ने एक नौ वर्षीय लड़की की जान ले ली। जिले के करादिवा गांव की यह लड़की शौच के लिए गई थी।
 
ग्राम सरपंच रामू पटेल ने बताया कि केन्नी पटेल शुक्रवार को शौच के लिए गए थी। उसे करीब आठ से नौ आवारा कुत्तों ने काट लिया।
 
इससे भी दुखद बात यह रही कि उसे ग्रामीण छुड़ाने के बाद पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और फिर सरकारी कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले गए लेकिन वहां रेबीज के इंजेक्शन ही नहीं थे। उसे वहां से फिर वलसाड सिविल अस्पताल ले जाया गया।
 
वलसाड सिविल अस्पताल के मनोज दास ने बताया कि उसके शरीर पर काटने के कम से कम 20 निशान थे। अस्पताल लाने में हुए विलंब के चलते उसे नहीं बचाया जा सका।
 
वलसाड के जिला विकास अधिकारी जीसी ब्रह्मभट ने बताया, लड़की की मां भानू पटेल आशा कार्यकर्ता हैं। उसने दो माह पहले शौचालय बनाने के लिए सब्सिडी के लिए सरकार के पास अर्जी भेजी थी जो अभी भी लंबित है। गांव में 110 मकान हैं, लेकिन उनमें से 50 में शौचालय नहीं हैं। वलसाड थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें